Monday, May 6, 2024

कंगना मतलब...

हिमाचल प्रदेश की मंडी सीट से लोकसभा का चुनाव लड़ रही स्वंयभू महाज्ञानी कंगना के ताजा बयान पर अमिताभ बच्चन को ये तय करना है कि वे इस पर अपना सर कैसे पीटना पसंद करेंगे। 

कंगना ने सदी के महासितारे के लिए सार्टिफिकेट दिया है कि पूरे देश में सिर्फ दो सितारों की इज्जत है, जिसमें से दूसरे भाग्यशाली बच्चन हैं। पहला कौन है, ये बताने की जरुरत नहीं है। इस तर्क पर फिल्म इंडस्ट्री में भाजपा के दूसरे फौजीदार, जैसे अक्षय कुमार,  अजय देवगन, अनुपम खेर, मधुर भंडारकर, आर माधवन, अशोक पंडित, पहलाज निहलानी, नाना पाटेकर, विवेक ओबेराय, इत्यादि भी रोना-पीटना कर सकते हैं। भाजपा प्रेम में पहली बार पड़ी लारा दत्ता पर भी क्या बीती होगी

फिल्म वालों को जाने दीजिए, उन्होंने तो तेजस्वी के नाम पर अपनी ही पार्टी के नेता को गुंडा बता दिया। लालू प्रसाद के बेटे और बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी प्रताप की जगह उन्होंने बंगलुरु में भाजपा के सरदर्द बने तेजस्वी सूर्या को निशाने पर ले लिया। 

ये मामला गलती से जुबां फिसलने का होता, तो कोई भी समझ सकता था कि चुनावों की गहमागहमी में ऐसा हो जाता है, लेकिन मामला जब कंगना का हो, तो कोई उनकी इस भाषा पर ताज्जुब नहीं करता, क्योंकि उनसे बेहतर भाषा की उम्मीद करने वाले हमेशा मायूस हुए हैं और ये सब बेवजह नहीं है। मोदी मंडन में देश की आजादी को 2014 में तय करने और मोदी को नारायण का अवतार घोषित करने के बाद कंगना किसी के लिए कुछ भी कह सकती हैं। चुनाव अभी चल रहा है। 4 जून को तय होना है कि मंडी की जनता ने कंगना के लिए क्या फैसला किया, लेकिन तब तक इस बेलगाम अदाकारा की जुबां से अभी और भी मजेदार जुमलेबाजी की उम्मीद की जा सकती है। कंगना इन चुनावों में क्या करती हैं, ये आने वाला वक्त बताएगा, लेकिन इतना तो वक्त साबित कर चुका है कि एक होनहार अभिनेत्री कैसे अपने ही पांवों पर कुल्हाड़ी मार सकती है, इसका वे लाजवाब उदाहरण हैं। आनेवाले दिनों में उनकी जुमलेबाजी के नए किस्सों का इंतजार कीजिए। 

चुनावी समर में उतरे दो सितारों का मामला समझ में नहीं आया। कभी देश और सोनिया मैडम के आदेश के तेवर दिखाने वाले गोविंदा सियासत में लौटे, तो क्या सिर्फ एक चुनावी गाड़ी में खड़े होकर हाथ हिलाने के लिए लौटे थे। उनके लिए माना जा रहा था कि वे एक बार फिर उसी सीट से किस्मत आजमाएंगे, जहां से वे 2004 में कांग्रेस के टिकट पर लड़कर पहली बार संसद पंहुचे थे। इस बार जब टिकट पक्का नहीं हुआ था, तो काहे चले आए। इनसे बेहतर तो प्रभुराम वाले अरुण गोविल रहे, जिन्होंने टिकट की गारंटी के बाद जय भाजपा का नारा लगाया। 

दूसरी बात अनुपमा फेम हीरोइन बंगाली हीरोइन रुपाली गांगुली को तो ये भी समझ में नहीं आया कि वे किसलिए भाजपा के दफ्तर पंहुच गईं। वहां पंहुचकर भी वे अनुपमा फेम डायलागबाजी ही करती नजर आईं कि उनको ख्याल आया कि राजनीति के महायज्ञ में आहूति दे दी जाए। टिकट न मिला, तो क्या करेंगी 

बाकी, अनुपम खेर का सदमा समझा जा सकता है। उनकी इतनी भक्ति के बाद भी गुजराती साहेब ने उनकी पत्नी का पत्ता साफ कर दिया और उनको भी टरका दिया। परेश रावल को तो बहुत पहले साइड लाइन किया जा चुका है।
काफी दिनों से सपा और भाजपा के बीच झूलने के बाद कांग्रेस में ही रहे राजबब्बर यूपी में लखनऊ से लेकर आगरा और फिरोजाबाद से लेकर फतेहपुर सीकरी और गाजियाबाद तक  चुनाव लड़ चुके हैं। इस बार यूपी को छोड़कर वो इस बार कांग्रेस के टिकट पर हरियाणा के गुड़गाव जा पंहुचे हैं। भगवान भला करे उनका। 

चर्चा शाटगन सिन्हा की दुलारी बिटिया सोनाक्षी सिन्हा की इसलिए रही, क्योंकि उन्होंने अपने पिता के लिए प्रचार नहीं किया। बंगाल की आसनसोल सीट पर उनकी मां पूनम को तो देखा गया, लेकिन सोनाक्षी मुंबई में संजय लाली भंसाली की वेबसीरिज हीरामंडी के प्नमोशन में बिजी रहीं। ऐसा लगता है कि फिल्मों और टीवी की दुनिया को लेकर भाजपा का कोटा पूरा हो सकता है और कांग्रेस वालों ने कोई खास दिलचस्पी नहीं दिखाई। 

कमेंट बाक्स में आप ही बताईए कि फिल्म इंडस्ट्री से चुनाव में उतरी किस सेलिब्रिटी को संसद जाने का रास्ता मिलेगा और सबसे बड़ा सवाल, दिल्ली की सत्ता किसे मिलेगी ?

ब्लाग के ये लिंक भी देखें 

कंगना का अंगना, राम का नाम

केजरीवाल का फिल्मी कुनबा- कोई यहां गिरा, कोई वहां गिरा

इलेक्टोरल बॉन्ड कांड- एक मसाला फिल्म की धांसू स्टोरी

एक ही किस्सा एक ही कहानी, हे अंबानी हे अंबानी

मौत के नाम पर तमाशा

राम तेरे कितने नाम

ओमपुरी- अर्धसत्य की कालिमा, पूर्ण सत्य की लालिमा

ये कैसी नानागिरी ?

2023-2024 : घूमता आईना



मामला रश्मिका का नहीं, लड़कियों की इज्जत का है





Friday, March 29, 2024

इलेक्शन 24: कंगना का अंगना, राम का नाम...


इधर भारतीय जनता पार्टी ने हिमाचल प्रदेश की मंडी लोकसभा सीट से कंगना का टिकट तय किया और उधर, कुछ ही देर बाद एक टीवी चैनल पर कंगना द्वारा उर्मिला मातोंडकर को साफ्ट पार्न स्टार कहने को लेकर किए गए कमेंट से इतना हंगामा मचा कि इससे समझ में आता चला गया कि कंगना इसी मूड में इलेक्शन लड़ने आई हैं। भला हो कांग्रेस की प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत का, जिन्होंने मंडी के रेट को लेकर ऐसा कमेंट कर डाला कि कंगना को यहां से बचने का साफ मौका मिल गया। 

उर्मिला पर किए गए कंगना के कमेंट को कुछ यूं समझा जा सकता है कि कंगना ने किसी भी ऐसे इंसान को अपनी बदजुबानी का शिकार बनाया, जिनके साथ वो रिश्ते में रहीं। आदित्य पंचोली से लेकर अध्यायन सुमन (शेखर सुमन के बेटे) और रितिक रोशन तक जिसके साथ उनके अफेयर के किस्से रहे, उनको कंगना ने जमकर कोसा और किसी को ये बुरा भी नहीं लगा, क्योंकि इन्होंने कहीं न कहीं कंगना के साथ नाइंसाफी की थी।

कंगना यहीं तक नहीं रुकी थीं। महेश भट्ट, जिन्होंने फिल्म गैंगस्टर में  उनको पहला चांस दिया, उनको तो कोसा ही, लेकिन उनकी बेटी आलिया भट्ट को भी नहीं बख्शा, जो गैंगस्टर के वक्त एक छोटी बच्ची थी। 
नेपोटिज्म के नाम पर कपूर खानदान को कोसा, तो मूवी माफिया के नाम पर करण जौहर को उनके ही शो में खरी खोटी सुनाईं और फिर उनके साथ एक शो में नजर भी आईं। कंगना के तेवर शीशे की तरह साफ हैं कि वे उसी अंदाज में इलेक्शन लड़ेंगी, जो उनको आता है। 2014 को भारत की असली आजादी से लेकर गुजरात के महापुरुष को भगवान का अवतार बताने जैसे जुमलों से मीडिया की लाड़ली बनीं कंगना को मंडी की जनता किस अंजाम तक पंहुचाएगी, उसके लिए 4 जून का इंतजार करना पड़ेगा, जब चुनावों के नतीजे सामने होंगे। 
कंगना के अलावा इसी लिस्ट में भाजपा ने अरुण गोविल को यूपी में मेरठ सीट से टिकट दे दिया। उनको इसलिए टिकट नहीं मिला कि 72 साल (भाजपा में 2014 के बाद 75 साल के नेताओं को मार्गदर्शक बनाने की रिवायत है) के श्रीमान गोविल 1977 से लेकर अब तक 47 साल में सिर्फ दस-बारह फिल्मों में एक्टिंग की होगी। उनको टिकट मिलने के कारणों में पहला ये कि उन्होंने एक टीवी सीरियल में दशरथ पुत्र का रोल किया। दूसरा अब तक भाजपा प्रत्याशियों का प्रचार किया। 

अभी आई एक फिल्म (आर्टिकल 370) में प्रधानमंत्री का वैसा ही रोल निभाया, जैसा विकी कौशल की फिल्म ऊरी में रजित कपूर ने निभाया था। इस तरह से विवेक ओबेराय और रजित कपूर के बाद अरुण गोविल का नाम इतिहास की उस लिस्ट में दर्ज हो गया, जिसमें अब तक परदे पर गुजराती महापुरुष के अवतारों का जिक्र होगा। कंगना की तरह मेरठ की जनता को तय करना होगा कि टीवी पर एक किरदार को लेकर खुद को प्रभु श्रीराम कहलाने में गर्व महसूस करने वाले एक औसत दर्जे के अभिनेता को संसद में भेजना है या नहीं।

कंगना और अरुण गोविल को टिकटें देकर गोदी मीडिया में इसे मास्टर स्ट्रोक की वाहवाही लूटने के क्रम को ब्रेक लगाने का काम महाराष्ट्र में भाजपा के ही सहयोगी दल ने किया। सत्ता के लिए अपनी ही पार्टी को दोफाड़ करके मुख्यमंत्री की कुर्सी पर आसीन शिंदे को न जाने कहां से उस गोविंदा की याद आ गई, जिसने 2004 में देश और सोनिया का आदेश के जुमले पर चुनाव जीता और फिर जनता के लिए कुछ नहीं किया। अगले चुनाव आने तक राजनीति में आना मेरी गलती थी जैसे जुमलों के साथ फिल्मों में लौटने वाले गोविंदा को इसी जगह पर लौटने के लिए शिंदे से ज्यादा इस सच्चाई ने मजबूर कर दिया कि हिंदी फिल्मों के सबसे शानदार और जानदार हीरो रहे गोविंदा ने अपने कैरिअर को खुद तबाह करने में कोई कसर नहीं छोड़ी, तो ऐसे में राजनीति के अलावा कहीं कोई और ठिकाना नहीं होना था। ये बात शिंदे नहीं समझेंगे और भाजपा के नेता बहुत पहले समझ गए कि गोविंदा के पास ऐसा क्या बचा है कि उनको इलेक्शन की टोपी पहनाई जाए। अब ये कारनामा शिंदे करने जा रहे हैं, तो मामले को भी वही समझेंगे। कयास है कि शिंदे सेना उनको उसी सीट से टिकट देगी, जिसको उन्होंने 2009 में त्याग दिया था। अब देखना होगा कि कभी कहीं न टिकने वाले चीची भैया (गोविंदा का पैटनेम) कब तक शिंदे के पाले में रह पाएंगे।

गोविंदा का मामला शिंदे तय करेंगे, लेकिन कंगना के हाथों उर्मिला की फजीहत को वो शिवसेना कैसे हजम करेगी, जो मराठी माणुस के नाम पर राजनीति करती आई है। कंगना को अगर भाजपा ने मुंबई की किसी सीट का टिकट दिया होता, तो ये मुकाबला उर्मिला बनाम कंगना हो जाता, लेकिन कंगना से मुकाबला करने के लिए उर्मिला मुंबई छोड़कर मंडी नहीं जाएंगी। ये मुमकिन है कि इंडिया अलाइंस की पार्टनर के तौर पर ठाकरे की सेना महाराष्ट्र में किसी सीट से उर्मिला को लड़ाए और जीताकर संसद भेजे, ताकि अगर कंगना भी जीत जाएं तो मुकाबला संसद में हो और कंगना का भला न हो, तो उर्मिला की जीत के मायने हजार गुना बढ़ जाएंगे। अंदरखाने तो बहुत कुछ चल रहा है। इंतजार कीजिए कि मीडिया के कैमरों के सामने संजय राउत या उद्धव का कोई और सेनापति उर्मिला के नाम का टिकट अनाउंस करता है या नहीं। 

उर्मिला का मामला लटका हुआ है, तो एक और परिवार में ऐसा ही मामला होने वाला था। कहा जा रहा था कि सुनील दत्त की सीट पर जीतने वाली प्रिया दत्त कांग्रेस छोड़कर शिंदे की शिवसेना का झंडा उठाएंगी, जहां उनके करीबी बाबा सिद्दीकी पहले ही पधार चुके हैं। कुछेक हवाबाजों ने गासिप चला दिया कि प्रिया अगर शिंदे के पाले में गईं, तो कांग्रेस उनके मुकाबले संजय दत्त को मैदान में उतारकर इसे फैमिली मैटर बना देगी। संजय का वैसे तो राजनीति से कोई वास्ता नहीं रहा, लेकिन दिवंगत अमर सिंह के बहकावे में आकर वे समाजवादी की तरफ से लखनऊ सीट पर इलेक्शन लड़ने जा पंहुचे थे। भला हो  सुप्रीम कोर्ट का, जिसने गैरकानूनी हथियार रखने के केस के हवाले से संजू बाबा को ऐसी फटकार लगाई कि वे चुनाव और राजनीति से तौबा कर बैठे। अब प्रिया दत्त को कहीं से भी टिकट मिलने के चांस न के बराबर बचे हैं। 

इन चुनावों में सही मायने में लाटरी खुली हेमा मालिनी के नाम की। ड्रीम गर्ल के लिए माना जा रहा था कि दस साल के बाद मथुरा के हालात को देखते हुए इस बार उनको टिकट नहीं मिलेगा। हेमा मालिनी भी यही मानकर चल रही थीं। राजनीति में उन्होंने परिवारवाद का सही मतलब समझकर इस बात का जुगाड़ लगाना शुरु कर दिया था कि इस सीट से उनकी बेटी ईशा देओल को पार्टी मैदान में उतरे। यहां तक कहा जाने लगा था कि राजनीति में आने के मामले को लेकर ही ईशा का अपने पति (भरत) से मनमुटाव हुआ, जो उनके अलगाव की एक बड़ी वजह बना। जब मथुरा सीट से भाजपा उम्मीदवारी सामने आई, तो अपना नाम सुनकर सबसे ज्यादा हेमा मालिनी चौंकी। अब मथुरा की जनता उनके लिए क्या सोचती है, ये भी 4 जून को मालूम होगा। 

हेमा मालिनी के टिकट को लेकर धर्मेंद्र का खुश होना बनता था, लेकिन ये भी पक्का समझो कि पिछले चुनाव में पंजाब के गुरदासपुर में पंप उखाड़कर सीट जीतने का मैजिक दिखाने वाले सनी देओल के लिए बाद में उसी इलाके की जनता ने गुमशुदा की तलाश के पोस्टर लगाए। इसी माहौल को भांपकर सनी देओल ने इस बार आलाकमान से चुनावों को लेकर हाथ लिए। अब इस सीट पर उनकी जगह दावा करने के लिए दिवंगत विनोद खन्ना की पत्नी कविता का नाम चर्चा में है, क्योंकि विनोद खन्ना तीन बार इस सीट से जीते थे। ये मामला उन सितारों का था, जिनको भाजपा से टिकटें मिल गईं।

यहां भोजपुरी कोटे वाले मनोज तिवारी (दिल्ली), रवि किशन (जौनपुर) और दिनेश निरहुआ (आजमगढ़) को पार्टी ने फिर से मैदान में उतारा है। भाजपा वालों की मानें तो तीनों जीतेंगे और तटस्थ रहने वालों की मानें, तो इन तीनों में से दो की स्थिति तारारारारा वाली है। अब वे दो कौन हैं, इस बारे में हम कछु नाहीं बतावेंगे। 

अब बात कुछ ऐसे सितारों की, जो अब तक आस के झूले में झूल रहे हैं। इस लिस्ट में एक नाम तो अपने उसी कुमार का है, जिन्होंने पत्रकार का लबादा ओड़कर पीएम से आम काटकर खाने या चूसकर खाने जैसे मैजिकल सवाल किए थे। हमेशा से भाजपा के पक्के वाले समर्थकों में से रहे अक्षय कुमार के लिए पहले कहा गया कि दिल्ली में चादनी चौक की सीट से कुमार की टिकट पक्की है, क्योंकि वो इसी  इलाके की पराठें वाली गली के बंदे रहे। इस सीट पर मामला नहीं जमा, तो अब कहा जा रहा है कि पंजाब में सभी 13 सीटों पर चुनाव लड़ने जा रही भाजपा किसी एक सीट पर अक्षय कुमार को उतारेगी, क्योंकि वे सिंह इज किंग के बाद पंजाबी किरदारों के मास्टर बन गए हैं। ये भी मुमकिन है कि गुरदासपुर में इस बार सनी की जगह हैंडपंप उखाढ़ने के लिए अक्षय कुमार पंहुच जाए। 

पंजाब में अक्षय कुमार तो चंडी़गढ़ की सीट पर पेंच हैं। इस सीट से अनुपम खेर की पत्नी किरण खेर एमपी हैं। इस बार उनकी हेल्थ का इश्यू बताया जा रहा है, तो सीट पर अनुपम खेर आजमाइश चाहते हैं। इससे पहले अपनी होम सीट शिमला का टिकट मिलने के लिए भी खेर ने पार्टी और नेताओं की जमकर सेवा की। लंबे समय तक पार्टी के  राज्यसभा भेजने के भरोसे को सच मानकर थक चुके अनुपम खेर के लिए इस बार यहीं या कभी नहीं की पोजीशन बन गई है। एक जमाना था, जब विवेक ओबेराय टिकट पाकर सांसद विवेक बनने के सपने देखते थे। अब पार्टी उनको अगर कैंपेन के लिए बुला ले, तो वे इस पर ही सब्र कर लेते हैं। 

भाजपा के पास फिल्मी सितारों की लंबी लिस्ट है। कभी भाजपा में रहे शत्रुघ्न सिन्हा गैरभाजपाई दलों में अकेले ऐसे सितारे हैं, जिनका चुनावी टिकट पक्का हो गया है। ममता की पार्टी ने आसनसोल (प. बंगाल) से उनको मैदान में उतारा है। कांग्रेस की लिस्ट में अभी तक कोई सितारा नहीं है। राज बब्बर आगरा या फतेहपुर से टिकट की आस लगाए हुए हैं। अमर सिंह के जमाने में सितारों की फौज जमा करने की शौकीन समाजवादी पार्टी का दामन सूना है। उनके पास दो जया थीं। जयाबच्चन ने राज्यसभा पक्की कर ली और जयाप्रदा भाजपा के पाले में चली गईं, जहां उनके लिए फिलहाल टिकट वाली बात नहीं है। 


इस बार सात चरणों में वोटिंग होगी और हर चरण के हिसाब से पार्टियां उम्मीदवारों के टिकट तय करेंगी। इस आधार पर भाजपा या किसी और पार्टी से जुड़े वे सितारे मुस्करा सकते हैं, जो अब तक हां या ना के बीच झूल रहे हैं। 

चुनावी मैदान से ये दूसरा ब्लाग हाजिर है। कुछ दिनों बाद नई लिस्टें सामने आने के बाद हमारे ब्लाग का नया  पार्ट आएगा। तक तक कमेंट बाक्स में आप ये बता सकते हैं कि आपकी निगाह में फिल्मी दुनिया के कौन-कौन से सितारों को आप संसद की सीट पर देखना पसंद करेंगे।  


ब्लाग के ये लिंक भी देखें 

केजरीवाल का फिल्मी कुनबा- कोई यहां गिरा, कोई वहां गिरा

इलेक्टोरल बॉन्ड कांड- एक मसाला फिल्म की धांसू स्टोरी

एक ही किस्सा एक ही कहानी, हे अंबानी हे अंबानी

मौत के नाम पर तमाशा

राम तेरे कितने नाम

ओमपुरी- अर्धसत्य की कालिमा, पूर्ण सत्य की लालिमा

ये कैसी नानागिरी ?

2023-2024 : घूमता आईना



मामला रश्मिका का नहीं, लड़कियों की इज्जत का है







Saturday, March 23, 2024

केजरीवाल का फिल्मी कुनबा- कोई यहां गिरा, कोई वहां गिरा...

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी का मामला कितना राजनैतिक है, कितना चुनावी है और कितना कानूनी है, इस पर हर कोई अपनी अपनी तरह से बहस कर रहा है। अरविंद केजरीवाल और दिल्ली सरकार की शराब नीति से फिल्मी दुनिया का वैसे तो कोई वास्ता नहीं रहा। ये भी कोई ताज्जुब की बात नहीं कि गुजरात के महापुरुषों के हाथों अपना जमीर बेच चुके फिल्मी सितारों में से किसी ने केजरीवाल की गिरफ्तारी को लेकर उफ्फ तक नहीं की। अब जरा सोचिए कि अगर गुजराती महापुरुष की जय-जयकार करने का मौका आएगा, तो ये (अंध) भक्त सितारे दंडवत होकर चरण-वंदना करेंगे। 


बात उन  दिनों की है, जब राम लीला मैदान के आंदोलन के बाद दिल्ली की सत्ता में केजरीवाल का उदय हुआ था, तो मुंबई की फिल्मी नगरी में भी उनको हीरो माना गया था। केजरीवाल को फिल्म नायक के उस नायक के समकक्ष माना गया था, जो एक दिन का सीएम बनकर दबंग सीएम (अमरीश पुरी) की सत्ता और सांसे उखाड़ने देता है। उस दौर में मनोरंजन की दुनिया में  केजरीवाल और उनकी पार्टी आप के समर्थकों का एक वर्ग सामने आया था। इस वर्ग में कोई खान, कपूर या चोपड़ा नहीं था, लेकिन कुछ बुद्धिजीवी  किस्म के लोग जरुर नजर आए थे। इनमें संगीतकार विशाल-शेखर की जोड़ी वाले विशाल डडलानी, एक्टर रणवीर शॉरी, जावेद जाफरी, सोनू सूद, रेणुका श्हाणे (आशुतोष राणा की पत्नी,  गुल पनाग, चकदे फेम विद्या मालवड़े, राज जुत्शी और  डायरेक्टर अश्विनी चौधरी, अनुभव सिन्हा, हंसल मेहता, सुधीर मिश्रा  खास रहे। सोनू सूद भी इसी पार्टी के साथ गलबहियां कर रहे थे। इनके साथ एक तबका मुंबई की फिल्मों और टीवी की उन तथाकथित सेलिब्रिटीज का था, जो पैसा मिलने पर अपने बाप का रिश्ता भी बदलने के लिए तैयार हो जाते हैं। 

केजरीवाल की पार्टी पर गुल पनाग ने चंडीगढ़ से चुनाव लड़ा, तो लखनऊ में जावेद जाफरी ने पार्टी की टोपी पहनी। ये अलहदा बात है कि दोनों ही चुनाव हार गए और ये कतई अलहदा बात नहीं है कि घाघ राजनीतिज्ञों की तरह चुनाव हारते ही ये दोनों अपनी पार्टी से गायब हो गए। बाकियों का हाल देखें, तो रणवीर शौरी किसी भाजपाई से ज्यादा हिंदु मुस्लिम करने में आगे निकल गए हैं। अश्विनी चौधरी, हंसल मेहता और अनुभव सिन्हा में से शायद किसी को याद भी नहीं हो कि वे कभी केजरीवाल के साथ थे। अगर किसी को याद होगा, तो सीबीआई और ईडी और सीडी के डर से कोई ये बात याद रखना पसंद नहीं करेगा।  

केजरीवाल और उनकी पार्टी से जुड़ने वालों में पंजाबी सितारों का मामला अलग रहा। स्टैंड अप कामेडी से चमके दो सितारों ने केजरीवाल का साथ पकड़ा, जिनमें से भगवंत मान तो पंजाब का विधानसभा चुनाव जीतने के बाद वहां के मुख्यमंत्री बन गए और दूसरे स्टैंडअप  कामेडियन गुरुप्रीत घुग्गी भी इसी पार्टी के साथ हैं। 

जब केजरीवाल का दौर शिखर पर था, तो उनके जीवन पर बायोपिक बनाने के विचार पर न जाने कितने लेखकों ने लैपटाप पर उंगलियों को टक टक किया होगा। जैसे ही मोदी सत्ता आई, तो केजरीवाल के बायोपिक वाली फाइलें डिलीट कर दी गईं। केजरीवाल का मामला अदालत में है, इसलिए हम और आप काहे टिप्पणी करें, लेकिन उस दौर में केजरीवाल के कहने पर मैं भी आम आदमी की टोपी पहनने वालों में, कम से कम किसी में तो इतनी हिम्मत होती कि जब उनका शीर्ष नेता जेल की सलाखों के पीछे हो, तो एक बार तो अपने नेता के नाम पर  नींद से जगने की एक्टिंग कर लेते। 

शुद्ध हिंदी में कहा जाता है कि वक्त बदलते देर नहीं लगती। जिस दिन दिल्ली का निजाम बदला और गुजरात वाले झोला उठाकर निकल लिए, उस दिन क्या ये लोग फिर से केजरीवाल या किसी और के साथ खड़े होने का दम दिखा पाएंगे और जवाब है- बिल्कुल नहीं। कोई किसी को सपोर्ट करे या न करे, ये उसकी मर्जी, ऐसा लोकतंत्र में होता है। जिस देश में लोकतंत्र आखिरी सांसे गिन रहा हो, वहां खामोशी से तमाशा देखने वाले भी गुनाहगार माने जाते हैं। 

पिछले ब्लाग में सवाल था कि भाजपा की कालिख बने इलेक्ट्रोरल ब्रांड के करप्शन के मामले को लेकर अगर  फिल्म बने, तो मेन लीड कौन करेगा। इस बार सवाल है कि अगर केजरीवाल पर बायोपिक बने, तो उनके रोल में कौन फिट होगा। जवाब के लिए कमेंट बाक्स ओपन है।  

ये लिंक भी देखिए-

इलेक्टोरल बॉन्ड कांड- एक मसाला फिल्म की धांसू स्टोरी

एक ही किस्सा एक ही कहानी, हे अंबानी हे अंबानी

मौत के नाम पर तमाशा

राम तेरे कितने नाम

ओमपुरी- अर्धसत्य की कालिमा, पूर्ण सत्य की लालिमा

ये कैसी नानागिरी ?

2023-2024 : घूमता आईना



मामला रश्मिका का नहीं, लड़कियों की इज्जत का है







Saturday, March 16, 2024

इलेक्टोरल बॉन्ड कांड- एक मसाला फिल्म की धांसू स्टोरी

राजनीति और मनोरंजन की दुनिया में रिश्तों को लेकर बहस होती रहती है। इलेक्टोरल बॉन्ड को लेकर मचे घमासान के बीच भी अनायास इन रिश्तों की बानगी एक बार फिर चर्चा में आ गई है। सोशल मीडिया में ऐसे मीम्स की बाढ़ आ गई है, जिसमें इलेक्ट्रोल बांडस के घटनाक्रम को किसी पाल्टिकल थ्रिलर फिल्म (या इस दौर में वेब सीरिज) के लिए एक दिलचस्प कहानी के तौर पर देखा जा रहा है। 



माना जा रहा है कि आने वाले वक्त में इस थीम पर कुछ न कुछ जरुर बनेगा। हो सकता है कि आदित्य धर (आर्टिकल 370 के निर्माता) से लेकर विवेक अग्निहोत्री और विपुल शाह (केरल स्टोरी वाले गुजराती)  लेकर मधुर भंडारकर तक यहां प्रतिभाशाली निर्देशकों की कतार मौजूद है, जो अपने आका का एक  इशारा पाकर ऐसी कहानी तैयार करेगी, जिसमें इलेक्टोरल बॉन्ड को किस तरह से भारत ही नहीं, देश की सबसे बड़ी क्रांति साबित किया जाएगा और इस बात का डंका पिटा जाएगा कि सत्तर सालों में जो काम नेहरु और गांधी परिवार नहीं कर पाया, वो इस महामानव ने कर दिखाया। अमेठी की सांसद इस पर भी अपने प्रिय विषय (राहुल गांधी) को जोड़ने से संकोच नहीं करेंगी। 

लगे हाथों ये भी सोचिए कि अगर ये धुरंधर अगर भ्रष्टाचार के इस सबसे बड़े खुलासे को मोदी की महानता में बदलने की कवायद करें, तो इस बार प्रमुख भूमिका कौन निभाएगा।

जी हां, इस कतार में पहला नंबर तो उसी खिलाड़ी का लगेगा, जो पत्रकार का चोला पहनकर पीएम हाउस में आम काटकर खाने और आम चूसने की पत्रकारिता करने पंहुचा था। ये अलग बात है कि  इस वक्त उसके अपने सितारे गर्दिश में चल रहे हैं और फिल्में बाक्स आफिस पर नाकामयाबी की धूल फांक रही हैं। लेकिन बंदा अब भी मोदी भक्ति में लीन है और अपने भगवान को प्रसन्न करने के लिए कुछ भी करेगा जैसी स्थिति में है। 

अगर इन सज्जन का पत्ता कटा, तो दूसरे नंबर पर हिंदी फिल्मों के गुटका किंग कहे जाने वाले देवगन भैया होंगे, लेकिन उनके लिए बात शायद इसलिए न बने, क्योंकि उनको महामानव के नजदीक जाने का कोई मौका नहीं मिला है। वे भी लंबे अरसे से मोदी भगवान को प्रसन्न करने के लिए भक्ति में लीन हैं। 

अगर उनका नंबर कैंसिल हुआ, तो कतार में लगे आएंगे वही विवेक, जो पहले भी परदे पर महामानव की आकृति में नजर आए थे, ये अलग बात है कि उनके उस अवतार को किसी ने देखना पसंद नहीं किया और इसके साथ ही पहले से बेहाल चल रहे उनके कैरिअर का पूर्ण विराम जैसा हो गया। अगर फिल्मों की दुनिया में कुछ नहीं बचा, तो उनके पास पार्टी (या कहें मोदी) की सेवा के अलावा क्या बचेगा। 

हो सकता है कि इस बार किसी नए अभिनेता को मौका देने की तर्ज पर उनको भी बैरंग कर दिया जाए और उम्रदराज हो चुके अनुपम खेर को ये मौका दिया जाए। लंबे समय से राज्यसभा की आस में टकटकी लगाए खेर को ये करने से भी गुरेज नहीं होगा। ये अलग बात है कि इतनी सेवा के बाद भी खेर को न राज्यसभा में भेजा गया और न लोकसभा में भेजने के लिए कोई टिकट मिला। खबरों में बनने के शौकीन और उस्ताद खेर को अपने भगवान को खुश करने के लिए ये भी करना पड़ा, तो मान जाएंगे।  

उनके साथ भी बात न बने,  तो अपने अनिल कपूर भी मौजूद हैं, जिनको चमचागिरी करने और कराने का लंबा अनुभव है और वे इसके लिए किसी मौके को हाथ से नहीं जाने देंगे। 
मान लीजिए कि डायरेक्टर और मेन हीरो की बात तय भी हो गई, लेकिन सबसे बड़ी समस्या ये है कि चुनाव सर पर आ गए हैं और अब फिल्म से कोई एडवांटेज मिलना मुमकिन नहीं है, तो फिर ये प्रस्ताव टाला जा सकता है। 

अब ये मई में ही पता चलेगा कि इसे लेकर अगला फैसला या तो मौजूदा प्रधानमंत्री करेंगे या नए प्रधानमंत्री के तौर पर राहुल गांधी करेंगे। ये भी मान लीजिए कि ये गुजराती महापुरुष अगर भूतपूर्व प्रधानमंत्री हो गए, तो फिर इन  इलेक्टोरल बॉन्ड पर फिल्म बनाने में होड़ जरुर मचेगी और इस मुकाबले में निर्देशन के लिए अनुराग कश्यप से लेकर अनुभव सिन्हा और मुख्य भूमिका के लिए प्रकाश राज के नाम सामने आएंगे। 

एक जमाना था, जब सिनेमा में राजनीति की उठा-पटक को लेकर फिल्में बना करती थीं। सत्तर के दशक में गुलजार की आंधी से लेकर उसी दौर में आई किस्सा कुर्सी का हो या अस्सी में अमिताभ बच्चन को लेकर इंकलाब और सच या फिर नब्बे के दशक में मणिरत्नम की रोजा, बांबे और दिल से जैसी फिल्मों के बाद यहां राजनीतिक आधार वाली फिल्में बनना बंद हो गईं और 2014 के बाद इन फिल्मों की जगह सरकारी प्रोपेगंडा वाली फिल्मों का दौर शुरु हो गया, जिसमें टॉयलेट लव स्टोरी (अक्षय कुमार), ताना जी (अजय देवगन) से लेकर मोदी (विवेक ओबेराय), कश्मीरी फाइल, केरल स्टोरी और सावरकर (रणबीर हुड्डा) जैसी फिल्मों की बाढ़ आ गई और सिनेमा की दुनिया साफ तौर पर दो हिस्सों में बंटती चली गई। 

अतीत से निकलकर वर्तमान में लौटते हैं और सोचते हैं कि जब मौजूदा सत्ता ने देश को ही बर्बाद कर दिया, तो सिनेमा की दुनिया कहां से बचती। अब मनोरंजन की दुनिया में बदलाव की बात तो मई में चुनावों के नतीजों के बाद ही आगे बढ़ेगी, तब तक इलेक्टोरल बॉन्ड की घटनाओं से लेकर सिनेमा के लेखक तैयारियां कर सकते हैं। 

अब आप भी बता दीजिए कि क्या ये आजाद भारत में सरकारी करप्शन का सबसे बड़ा स्कैम है या इससे भी ज्यादा कुछ होने जा रहा है? जवाब के लिए कमेंट बाक्स ओपन है। 

ये लिंक भी देखिए-

 एक ही किस्सा एक ही कहानी, हे अंबानी हे अंबानी

मौत के नाम पर तमाशा

राम तेरे कितने नाम

ये कैसी नानागिरी ?

2023-2024 : घूमता आईना



मामला रश्मिका का नहीं, लड़कियों की इज्जत का है















Tuesday, March 5, 2024

एक ही किस्सा, एक ही कहानी- हे अंबानी, हे अंबानी


अंबानी पुत्र अनंत संग राधिका की शादी का मामला अगर पूरी दुनिया में फैल गया, तो हैरानी कैसी। दुनिया के सबसे पंहुचे हुए धन्ना सेठों में से एक मुकेश भाई के बालक की शादी में ऐसी धूम नहीं मचेगी, तो कहां मचेगी। ख्याल रखा जाए कि अभी ब्याह वाली बात नहीं है। अंग्रेजी रिवायत में इसे प्री वैडिंग इवेंट कहते हैं। बात आगे बढ़ाते हैं..

शादी का मामला, यानी हलद बांध से लेकर मंडा, घुड़चढ़ी, महिला संगीत से लेकर सात फेरे और जयमाला वाले सारे शगुन अभी नहीं, जुलाई की बारह तारीख को संपन्न होंगे। प्री इवेंट में जामनगर के छोटे से हवाई अड्डे को इंटरनेश्नल एयरपोर्ट का दर्जा मिल गया। सोचिए, बारह जुलाई वाले प्रोग्राम में क्या क्या अजूबे होंगे। सोचने बैठ जाइए। बात और आगे बढ़ाते हैं.. 

अंबानी पुत्र के लिए जामनगर वाले इवेंट में फिल्मी सितारों की वही रौनक रही, जो अक्सर एंटीलिया (मुंबई में अंबानी का आशियाना) में होने वाले जच्चा-बच्चा से लेकर मुंडन-टुंडन वाले किसी भी समारोह में नजर आती है। सोशल मीडिया पर इन सितारों की रौनक को लेकर हल्ला-गुल्ला ठीक नहीं लगता। लड़के वाले ब्याह में पड़ोसियों-रिश्तेदारों को लेकर जाते ही हैं। ये तो फिर भी पेरोल पर पलने वाले वे सितारे हैं, जिनके लिए ये सब करना जरुरी भी है और मजबूरी भी है, वरना...  बात और आगे बढ़ाते हैं... 

सितारों का ये मजमा बहुत साफ वाले बैरौमीटर पर होता है। यहां स्टारडम का स्टैंडर्ड बेस प्राइस होता है, जिसका उनकी फिल्मों की कामयाबी-नाकामयाबी से कोई लेना-देना नहीं होता। यहां अर्जुन कपूर पाए जाएंगे, जिनको खुद याद नहीं होगा कि उनकी कोई फिल्म कब हिट हुई होगी, लेकिन मनोज वाजपेयी या नवाजुद्दीन सिद्दीकी या पंकज त्रिपाठी जैसों की मौजूदगी नहीं होगी। मामला हाई-फाई सोसायटी का है, जिसका किसी की फिल्मोग्राफी से कोई लेना-देना नहीं। बात और भी आगे बढ़ाते हैं... 

किसी ने अच्छा कहा कि मुकेश अंबानी ने ब्याह से चार महीने पहले प्री वेडिंग इवेंट इसलिए किया, क्योंकि हफ्ता-दस दिन में पार्लियामेंट वाले इलेक्शन के लिए आचार सहिता लग गई, तो केंद्र में तैनात मोदी के मोटा भाई की फौज उनके किसी काम नहीं आती और अगर चुनावी नतीजों में कुछ ऊपर-नीचे हो गया, तो प्रधानमंत्री राहुल गांधी से मुकेश अंबानी किसी सहुलियात की उम्मीद कर ही नहीं पाएंगे।  

घर के गार्डन में ही लिमिटेड मेहमानों को एडजेस्ट किया जाएगा। इस झंझट से बचने के लिए अंबानी ने ये रास्ता निकाल लिया। अब ये वक्त साबित करेगा कि बारह जुलाई को लौंडे के ब्याह में वो प्रधानमंत्री बनकर हाजिरी देंगे या पूर्व प्रधानमंत्री की हैसियत से लिफाफा देंगे।  अंबानी ने अपने यारों-दोस्तों के बड़े मजमे को इस प्री इवेंट में बुलाकर निपटा दिया कि कहीं कोई बुरा न मान जाए या खास तौर पर किसी फिल्मी सितारे को ताना न सुनने पड़े कि अरे, आप जामनगर में नजर नहीं आए। बारह जुलाई के लिए जिसकी बुकिंग होनी है, वो अभी से हो जाएगी, डोंट वरी। बात को और भी आगे बढ़ाते हैं.. 
सोशल मीडिया का तो हिसाब-किताब समझ में नहीं आया। हर किसी को तलाबेली और चुहल है कि अंबानी के लौंडे के ब्याह में क्या हो रहा है और क्यों हो रहा है। कौन आ रहा है और कौन नहीं आ रहा है। बिन बुलाए मेहमानों की तरह यहां भी कैमरे और मुंह उठाए मीडियावीरों का मजमा है। एक ही सांस में मजमा लगाने के लिए अंबानी को बुरा-भला कहो और फिर इवेंट की तस्वीरों को शेयर करके लाइक और व्यूज की कमाई का रास्ता भी खोले रखो। भाई जी, इसे चलती-फिरती हिंदी जुबां में दोगुलापन कहते हैं। अंबानी का लौंडा, अंबानी का पैसा, अंबानी के चापलूस, अंबानी के पालतू, हमारा-आपका क्या। क्यों डुगडुगी बजाएं और क्यों रौतड़ा करें। अमां बैठो यार, जिनको आदत है, उनको इवेंट का मजा लूटने दो, जिसको आदत नहीं है, उसे सोशल मीडिया पर तस्वीरों को निहराने दो। कुंवारी कन्याओं को आहें भरने दो कि काश इस अंबानी के दो-चार और लौंडे होते, तो क्या एक मेरे नसीब में नहीं होता। अब ये कंप्लेंट तो भगवान जी के पोर्टल में ही रजिस्टर्ड हो सकती है। बात यहीं रोकते हैं, मगर... 

बात-बात में बात यहां तक आ गई। समझ में नहीं आ रहा है कि पिछले 6-7 सालों से रिश्ते में बंधे अनंत-राधिका को दूधो नहाओ पूतो फलो वाला आशीर्वाद अभी देना है या इसके लिए बारह जुलाई का दिन फिक्स है। खासी इंग्लिश्स्तानी में कांग्रेट ब्रो कहना ज्यादा ठीक रहेगा। क्यों, पब्लिक क्या बोलती है। बात को यहीं पर रोक देते हैं... 

पापा जी (मुकेश भाई) ये पढ़कर रोना नहीं, हमें सारे इमोशंस समझ में नहीं आते। जैसे आपको भी नहीं आते। 

न कोई बात, न कोई तकरार, अब बारह जुलाई का करें इंतजार। 

जै जनेंद्र। जै कृष्ण 


ब्लाग के ये लिंक भी देखिए- 

मौत के नाम पर तमाशा

राम तेरे कितने नाम

ये कैसी नानागिरी ?

2023-2024 : घूमता आईना



मामला रश्मिका का नहीं, लड़कियों की इज्जत का है




Saturday, February 3, 2024

पूनम पांडे- मौत के नाम का तमाशा

स्वनाम धन्य पूनम पांडे को लेकर शुक्रवार को उनकी सर्वाईकल कैंसर से मौत की न्यूज ब्रेक हुई। कुछ लोग इस खबर पर दुखी हुए, तो कुछ लोगों को शंका हुई थी कि कुछ गड़बड़ है, क्योंकि खबर में झोलमझोल था कि दो दिन पहले तक सामान्य रुप से वीडियो की शूटिंग में मस्त दिख रही लड़की की सर्वाईकल कैंसर से मौत कैसे हो सकती है। कुछ लोगों ने अंदाज लगा लिया था कि पूनम पांडे कुछ दिनों पहले सर्वाईकल कैंसर को लेकर किसी अभियान की बातें कर रही थीं और अब इसी से उनकी मौत की खबर आ गई। लब्बोलुआब ये कि जितने लोग उनकी मौत पर आरआईपी के संदेश दे रहे थे, तो उससे ज्यादा लोग इस पूरे मामले में कुछ तो लोचा है दया वाली बातें कर रहे थे। 24 घंटे भी नहीं बीते कि ये लोचा हकीकत में सामने आ गया कि पूनम पांडे जिंदा हैं और उन्होंने ये स्टंट सर्वाइकल कैंसर को लेकर अभियान के लिए किया था। 

यहां ये जानना बहुत जरुरी नहीं हो जाता कि पूनम पांडे कौन हैं, जिनको दिलचस्पी हो, उनके लिए जवाब है कि एक ऐसी अदाकारा, जिनको फिल्मों में कभी कोई कामयाबी नहीं मिली, तो उन्होंने सेमी न्यूड वीडियोज बनाकर इंटरनेट पर मौजूदगी दर्ज करा ली। ये हर कोई जानता है कि पूनम पांडे जैसी सुंदरियों के ऐसे वीडियोज को लाइक शेयर करने वालों की तादाद कितनी ज्यादा है। इस लिहाज से उनको इंटरनेट संसेशनल कहा जाने लगा, जिसका मतलब हुआ कि वे इंटरनेट को अपनी अदाओं से हिला सकती हैं। चलिए इस बात को यहीं रोकते हैं। 

बात करते हैं कि क्या पूनम पांडे ने ऐसा कुछ किया है, जिस पर ताज्जुब होना चाहिए। मार्केटिंग और पब्लिसिटी के लिए किसी भा हद तक जाने के नशे में जीने वाले ऐसे सूरमाओं की भरमार है। मनोरंजन की दुनिया में भी ऐसी प्रतिभाओं की लंबी लाइन है। फौरन याद आता है वो किस्सा, जब 1995 में महेश भट्ट की फिल्म क्रिमिनल की रिलीज से ठीक पहले मुंबई के एक टैब्लाइड न्यूजपेपर में पहले पेज की फ्रंट लीड स्टोरी में फिल्म की हीरोइन मनीषा कोईराला की हत्या की न्यूज ब्रेक की गई थी। जब इस पर बवाल हुआ तो महेश भट्ट की तरफ से कहा गया कि ये फिल्म के प्रमोशन का हिस्सा था। एक यही किस्सा फिल्मवालों की मार्केटिंग के टेलेंट का गवाह नहीं है। 

फिल्म या किसी टीवी शो के टेलीकास्ट होने से ठीक पहले कभी किसी जोड़ी में तलाक की खबर आ जाए, तो कहीं किसी को कैमरे के सामने थप्पड़ मारने की बात हो जाए, तो उसकी असलियत यही सामने आती है कि ये सब प्रमोशन के लिए किया गया था। एक एक्टर हैं विद्युत जमाल, जो एक जमाने में टीवी स्टार मोना सिंह के ब्वायफ्रेंड हुआ करते थे। उनकी पहली फिल्म रिलीज होनी थी, तो उसके चंद दिनों पहले एक एमएमएस वायरल हुआ, जिसमें मोना और विद्युत साथ थे। इस पर जमाल के रिएक्शन के लिए मीडिया को बुलाया गया और जमाल ने सारा फोकस ये बताने में लगा दिया कि फिल्म में उन्होंने क्या कमाल किया है। बात खत्म। ये अलग बात है कि कुछ दिनों में ही दोनों के बीच ब्रेक-अप हो गया।

एक और टीवी एक्ट्रेस दलजीत कौर के शौहर ने एक टीवी शो जीतने के लिए अपनी बीवी से रिश्तों में टेंशन की कहानियां मीडिया में सर्कुलेट करा दी। बिग बास जीतने की ललक में दोनों ने इस शो में कुत्ते बिल्ली की तरह जिस तरह से अपने रिश्तों के चिथड़े उड़ाए, उनको कौन भूल सकता है। ये अलग बात है कि अब दोनों के रास्ते अलग अलग हो चुके हैं और दोनों ने अपने लिए नए नए जीवनसाथी चुन लिए हैं। भगवान इनका भला करे। फिल्मों के एक पीआरओ  का किस्सा भी याद आता है। फिल्मों और फिल्मी सितारों का प्रचार करने के काम से लगभग रिटायर हो चुके इन महाशय ने एक दिन खुद की मौत की खबर ब्रेक करा दी और फिर खींसे नपोरते हुए बता दिया कि वो जिंदा हैं। वे अब सचमुच में दिवंगत हो चुके हैं। 

पूनम पांडे के इसी मामले को लेकर सत्ता की दलाल बन चुके मीडिया का एक गलीच चेहरा भी बेपर्दा होता है। हर खबर की पड़ताल करने का दावा करने वाले मीडिया के धुरंधर चैनलों ने बगैर सच्चाई जाने पूनम पांडे की मौत की खबर को वायरल करने में देर नहीं लगाई, क्योंकि सबको इस  बात की टेंशन थी कि इस खबर को लेकर किसी और चैनल को उससे ज्यादा टीआरपी और व्यूज न मिल जाएं। कुल मिलाकर इस देश की बदनसीबी बन चुके मीडिया का एकमेव लक्ष्य टीआरपी और व्यूज का गेम है, जिसके लिए ये मीडिया किसी भी हद तक जा सकता है और इस गेम में ए टू जेड सारे मीडिया वाले शामिल हैं। 

पूनम पांडे से लेकर राखी सावंत, शर्लिन चोपड़ा, उर्वी जावेद, पायल रहतोगी और उनके जैसों का ये कुनबा और उसके साथ नंगई पर उतारु मीडिया की ये जुलगबंदी सिर्फ ये साबित करती है कि बाजारवाद और उपभोक्तवाद के जंगल में इंसानी रुप में भटकने वाले जानवरों को देखना हो, तो पूनम पांडे से लेकर इंडिया टुडे तक हर ब्रांड मौजूद है। रही देश की बात, उसे गर्त में जाने दीजिए, टेंशन की कोई जरुरत नहीं। 

इंतजार कीजिए कि पूनम पांडे जैसा अगला नजारा किसका और कब होगा और कब मीडिया के गिद्ध मंडराते नजर आएंगे वैसे, आप पूनम पांडे और मीडिया में किसे ज्यादा जिम्मेदार मानते हैं, जवाब के लिए कमेंट बाक्स ओपन है। 

ब्लाग के ये लिंक भी देखिए- 

राम तेरे कितने नाम

ये कैसी नानागिरी ?

2023-2024 : घूमता आईना



मामला रश्मिका का नहीं, लड़कियों की इज्जत का है




 

Friday, January 12, 2024

राम तेरे कितने नाम

इन दिनों देश राममय हो चुका है। 22 जनवरी को अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा के आयोजन होने तक इस राममय माहौल में कितने और रंग देखने को मिलेंगे, ये देखने वाली बात होगी। सोशल मीडिया पर किसी ने सही कहा कि ऐसा लगता है कि अब से पहले कोई इस देश में राम को जानता ही नहीं था। इसे यूं भी कहा जा सकता है कि रामनवमी का त्योहार 2014 में सत्ता परिवर्तन के बाद ही अस्तित्व में आया होगा। खैर, इस वक्त मुद्दा ये नहीं है। 

मुद्दा ये है कि जब देश भर में राम नाम की लहर चल रही हो, तो इससे हिंदी फिल्मों की दुनिया अछूती रहे, ये तो मुमकिन नहीं है। मुंबई की मनोरंजन की दुनिया भी तो आखिरकार इसी देश का हिस्सा है, जहां 2014 के बाद सबका साथ सबका विकास के नाम पर सत्ता का साथ या सत्ता का विरोध का कटु सत्य स्थापित होता चला गया और हिंदी फिल्मों की दुनिया में भी ये बंटवारा जमकर हुआ, जिसके बारे में कोई अनजान नहीं है। खैर, इस वक्त मुद्दा ये भी नहीं है। 

मुद्दा ये है कि देश भर में कुल मिलाकर बहस इस एक वाक्यांश में सिमट गई है कि किसे अयोध्या आने का न्यौता मिला और किसे नहीं मिला। जिसे मिला, वो सोशल मीडिया पर इतरा रहा है कि हमको रामजी ने बुलाया है और जिसे नहीं मिला, वो बतिया रहा है कि रामजी कण-कण में समाए हुए हैं। एक इंवाइट से क्या बनेगा और बिगड़ेगा जी। खैर, इस वक्त ये भी मुद्दा नहीं है। 

मुद्दा ये है कि रामजी के नाम की इस बारात में मनोरंजन की दुनिया से कौन कौन बराती बनने जा रहा है। किसे बुलावा आया है, कौन टुकुर टुकुर बुलावे के लिए दर निहार रहा है और कौन है, जिसको अच्छी तरह मालूम है कि उनको नहीं मिलने वाला। 

पहिला लिस्ट उनका, जिनको बराती बनाकर न्यौता गया है। इस लिस्ट में सिनेमा के चमत्कार रजनीकांत का नाम पहले पायदान पर है। वे गाहे-बगाहे मोदी सेना के सिपहसालार बन चुके हैं। अमिताभ बच्चन का नाम किसी को नहीं चौंकाता। मोदी के मुख्यमंत्री काल में गुजरात या कहें कि मोदी की सेवा में समर्पित हो चुके बच्चन दी ग्रेट ने उनको मौन समर्थन देने का कोई मौका नहीं छोड़ा। अभी सस्पेंस इस बात का है कि न्यौता सिर्फ बड़े बच्चन को मिला है या इसमें समूचे बच्चन परिवार को जोड़ा गया है। मसलन, समाजवादी पार्टी की नेत्री जया बच्चन को बुलाया है क्या, बड़े के साथ बाई वन गेट वन में छोटे बच्चन (अभिषेक), उनकी पत्नी ऐश्वर्या, उनकी बेटी अराध्या, उनके चाचा अजिताभ, अजिताभ की पत्नी रमोला बच्चन, रमोला-अजिताभ की बेटी नैना बच्चन, नैना बच्चन के पति कुणाल कपूर (रंग दे बसंती फेम) और नैना-कुणाल का बेटा। फिलहाल मान लो कि सिर्फ बड़े बच्चन को ही सत्ता की वफादारी का इनाम मिला है। 

लिस्ट में अगला नाम वही खिलाड़ी हैं, जो आम काटकर खाने या चूसकर खाने को पत्रकारिता का सवाल समझकर पत्रकार बने थे। उनको 2014 के बाद सत्ता की चाकरी करने और मोदी की जयजयकार करने वाली फिल्मों का पैकेज बनाने की बहादुरी के लिए ये इनाम मिलना तय था। इसी लाइन में लगी मोदी को इस युग का अवतार बताने वाली वन एन ओनली कंगना का नाम भी आना था। पत्नी किरण खेर के बाद राज्यसभा की सीट की बाट जोह रहे अनुपम खेर को भी अयोध्या पंहुचकर जयश्री राम करना ही था। गदर मचाने वाले सनी देओल को भी बुलावा आ गया। मधुर भंडारकर अब फिर से कह सकते हैं कि उनकी पीएमओ तक पंहुच है, क्योंकि उनको अयोध्या का टिकट मिल गया है। सावरकर पर फिल्म बना रहे नएनवेले दुल्हे रणदीप हुड्डा के नाम ने नहीं चौंकाया, लेकिन रणबीर कपूर (साथ में आलिया भट्ट) और आयुष्मान खुराना और जैकी श्राफ को खुद भी चौंकना पड़ा होगा कि अरे हम कैसे. इसी तरह माधुरी का नाम भी नहीं चौंकाता, क्योंकि वे सत्ता को सुखी रखने को जरुरी मानती हैं। मामला राम-सीता का है, चुनांचे 80 के दशक में रामानंद सागर की रामायण में राम-सीता के किरदार में आम जनता का आदर-सम्मान पा चुके अरुण गोविल और दीपिका चिखलिया को बुलाना बनता था। अगर उनकी रामायण के रावण अरविंद त्रिवेदी भी राम नाम के लिए अयोध्या जाने वालों की लिस्ट में जरुर होते। साउथ से रजनीकांत के अलावा  बाहुबली फेम प्रभास, केजीएफ वाले यश और रजनीकांत के एक्स जवांई राजा धनुष के अलावा चिरंजीवी, कांटारा वाले ऋषभ शेट्टी को भी अयोध्या बुलाया गया है।सरसरी निगाह में फिल्मों की दुनिया से बनी मेहमानों की लिस्ट में तकरीबन बीस नाम शुमार हैं। इस लिस्ट में नामांकित सितारों में से ज्यादातर को उनकी वफादारी का इनाम मिल गया, लेकिन बात यहीं पूरी नहीं होती। 

फिल्मों की दुनिया में एक लिस्ट उन लोगों की भी है, जिनकी भक्तिवाला इतिहास देखकर लग रहा था कि उनको जयश्री राम करने का मौका मिलेगा ही मिलेगा, लेकिन पता नहीं उनकी भक्ति में कहां कैसी कमी रह गई होगी। इस लिस्ट में  पहला नाम अजय देवगन का रहा, जिन्होंने धर्मपत्नी काजोल के साथ मोदी भक्तों की लिस्ट में अपना नाम दर्ज कराया था। परेश रावल, मनोज जोशी, कपिल शर्मा, कैलाश खेर, अशोक पंडित, पहलाज निहलानी, सेंसर बोर्ड चीफ प्रसून जोशी, फिल्मी परदे पर नरेंद्र मोदी बनकर धन्य हुए विवेक ओबेराय और उनके पिताश्री सुरेश ओबेराय, नाना पाटेकर, महेश मांजरेकर, एकता कपूर (जिनकी खास सहेली का सेत्ता में दबदबा है), अनु कपूर को सब्र और इंतजार करने के अलावा रास्ता नहीं है। रामायण के राम-सीता को बुला लिया, लेकिन मोदीभक्ति में सराबोर बीआर चोपड़ा की महाभारत के द्रोणाचार्य मुकेश खन्ना, द्रौपदी रुपा गांगुली और युधिष्ठर गजेंद्र सिंह चौहान (जिनको पुणे इंस्टिट्यूट का चेयरमैन बनाने पर बवाल कटा था) को इग्नोर मार दिया गया। हमेशा पाल्टिकल करैक्ट रहने वाले रितेश देशमुख को न्यौता मिलता, तो उनका चार्टेड जहाज अयोध्या के नए एयरपोर्ट पर जरुर मिलता।
अजय देवगन, प्रियंका चोपड़ा, मनोज कुमार, करण जौहर, एकता कपूर, परेश रावल, कपिल शर्मा, विवेक ओबेराय, कैलाश खेर, प्रसून जोशी, मनोज जोशी, मिठुन चक्रवर्ती, मुकेश खन्ना, असित मोदी, जेडी मजिठिया, गजेंद्र चौहान, अशोक पंडित और पायल रोहातगी

करण जौहर से कहा जाता, तो वो अपने साथ जहान्वी कपूर से लेकर अनन्या पांडे, क्यारा आडवाणी, यामी गौतम, तारा सुतारिया, वाणी कपूर और कृति सेनन जैसी सुंदरियों का लश्कर लेकर पधारते। इस लिस्ट में दो गुजराती नामों का जिक्र जरुरी है, जो केम छो मोदी के नाम रटकर नहीं थके। एक थे खिचड़ी वाले जेडी मजीठिया और दूसरे उल्टा चश्मा वाले असित मोदी। दोनों का ही पत्ता साफ हो गया। मथुरा की सांसद (हेमा मालिनी) हो सकता है कि पाल्टिकल कोटे से कुछ जुगाड़ कर लें, लेकिन गुजरात जाकर मोदी के साथ पतंगबाजी करने वाले सलमान खान को भी नहीं बुलाया गया। भाजपा के लिए अपनी इज्जत गंवाने वाले मिठुन चक्रवर्ती को भी टाटा कर दिया गया। मिठुन की तरह चुनावी मौसम में भाजपा का छाता ओड़ने वाले साउथ के सुदीप को भी नो बोल दिया गया। एक और बात कहें,  गले में भाजपा का पट्टा पहनने वाले भारत कुमार, उर्फ मनोज कुमार को फिल्म इंडस्ट्री का आडवाणी समझकर छोड़ दिया गया होगा। 

अब राम राम (जाने) से पहले एक और लिस्ट ऐसी, जिसमें ऐसे भयंकर नाम थे कि इनको तो अयोध्या पंहुचने पर बैरंग लौटा दिया जाता। इस लिस्ट पर भी गौर करें। कभी भाजपा के केंद्र रहे शत्रुघ्न सिन्हा के अलावा,  स्वरा भास्कर, अनुभव सिन्हा, सुशांत सिंह, मोहम्मद जीशान अय्युब, अनुराग कश्यप, अश्विनी चौधरी, शबाना आजमी और जावेद अख्तर के साथ साउथ से कमल हासन, प्रकाश राज को न बुलाना था, न बुलाया जाएगा और आइंदा भी नही बुलाया जाएगा। 

भारत की फिल्मी नगरी में करोड़ों वासी हैं। इनमें से सबको बुलाना और न बुलाना दोनों ही मुमकिन नहीं था। मुमकिन ये था कि दिल्ली की सत्ता अपने वफादारों को राममय करती, सो ये किया गया। जिनको ये सम्मान नहीं मिला, उनके कारणों के लिए कोई जांच आयोग तो नहीं बैठेगा और आखिरी वाली लिस्ट में शामिल हस्तियों के लिए न बुलाया जाना ही सम्मान से कम नहीं होगा। 

इससे आगे कुछ लिखना बाकी रह गया क्या ? मंदिर को जाने वालों से प्रार्थना कि देश की भलाई के लिए प्रार्थना करें और 22 जनवरी को म्हारी तरफ से सभी को-

जय राम जी की 

जय सीता मैया 

जय हनुमान जी 

कमेंट बाक्स में तनिक बताइए कि राम लला के दर्शन के लिए क्या कीजिएगा, कब जाइएगा ??

ब्लाग के ये लिंक भी देखिए- 

ये कैसी नानागिरी ?

2023-2024 : घूमता आईना



मामला रश्मिका का नहीं, लड़कियों की इज्जत का है




 


कंगना मतलब...

हिमाचल प्रदेश की मंडी सीट से लोकसभा का चुनाव लड़ रही स्वंयभू महाज्ञानी कंगना के ताजा बयान पर अमिताभ बच्चन को ये तय करना है कि वे इस पर अपना ...