2023 की विदाई के मौके पर घूमता आईना बीते साल में हिंदी सिनेमा की सैर कराएगा। लगे हाथों कुछ बातें नए साल की-
बिजनेस का बूम बूम

फिल्मों के बिजनेस की क्या बात करनी, जब मिठाई बनाने वाला हलवाई ही टेस्ट तय करे। कारपोरेट और मल्टीप्लेक्स के इस दौर में फिल्मों में पैसा लगाने वाले कारपोरेट हाउस और उनके साथ फिल्में बनाने वाले प्रोडक्शन हाउसेस ही आंकड़ों की बाजीगरी करते हैं। मतलब, जवान बनाने वाली शाहरुख खान की कंपनी रेडचिल्ली ही बताती है कि फिल्म ने कितने रिकार्ड बनाए। इस साल भी बड़े बजट की तमाम फिल्मों को लेकर यही सुनाई दिया कि हमारी फिल्म आगे-पीछे के सारे रिकार्ड तोड़कर आल टाइम ब्लाकबस्टर की लिस्ट में टॉप पर आ गई। इस लिस्ट में पठान, तू झूठी मैं मक्कार, रॉकी और रानी की प्रेम कहानी, जवान, टाइगर 3, एनीमल, डंकी के नाम रख लो। हां, इस लिस्ट में सबसे ज्यादा चौंकाने वाला नाम गदर 2 का रहा। किसी ने नहीं सोचा था कि 60 साल पार कर चुके इस जेनरेशन के अंकल जी सनी देओल इस तरह का खतरु कम बैक करेंगे। बाकी सेमी हिट और एवरेज फिल्मों की लिस्ट लगभग वही रही, जो न इधर की, न उधर की कैटेगिरी में रहती हैं। अब रही फ्लाप फिल्मों की लिस्ट। इसमें तकरीबन सौ-सवा सौ वो फिल्में होती हैं, जिनको देखने के बाद अपना पैसा और समय बर्बाद करने के लिए हर कोई अपना सर पीटता है। आंकड़ों से अलग साल 2023 का कड़वा सच ये रहा कि केरला स्टोरी जैसे सरकारी प्रोपगंडों के लिए लंबी लाइन लगती है, लेकिन सैम बहादुर जैसी फिल्मों के लिए किसी के पास वक्त नहीं होता।
उठा-पटक

2014 के बाद वाले न्यू इंडिया के हिंदी सिनेमा की खेमेबाजी किसी से छुपी नहीं है। इस साल भी मायानगरी में बैठे दिल्ली दरबार के रत्नों ने जमाकर मोर्चा संभाला। कुछ रत्नों ने मुस्लिम विरोधी भावनाओं को हवा देने के लिए फिल्मों का खेल खेला। बाकी रत्न मोदी का जयकारा करते रहे। इन तमाम रत्नों में भी कंगना ने बाजी मारी। आलम देखिए कि मोदी को नया अवतार और अपनी फिल्म न देखने वालों को देशद्रोही करार देकर भी उनका भला नहीं हुआ। इतना सब कुछ करके भी उनकी फिल्म तेजस क्रैश कर गई और भाजपा ने उनको कोई पाल्टिकल प्लेटफार्म नहीं दिया। मोदी से आम काटकर और चूसकर खाने वाले कालजयी सवाल करने वाले अक्षय कुमार ने कैनेडियन कुमार का टैग हटाने के लिए भारत की नागरिकता भी वापस ले ली, फिर भी उनकी फेवरेट सत्ता के सेंसरबोर्ड ने उनकी फिल्म (ओएमजी 2) का इतना बुरा हाल किया कि वे अब तक बेहाल हैं। उनकी सारी फिल्में बाक्स आफिस पर धराशायी रहीं। कंगना और अक्षय की तरह सत्ता के करीबी सितारों ने किसी मुद्दे पर चुप्पी नहीं तोड़ी। सत्ता विरोधी खेमे में सवार अनुभव सिन्हा, अनुराग कश्यप, स्वरा भास्कर मौनव्रत में रहे। इस कैंप में एकमात्र एक्टिव चेहरा प्रकाश राज का रहा, जो अब भी इस सल्तनत से बैखौफ होकर डटकर मुकाबला करता है। आने वाले साल में संसद के चुनाव होने हैं। अगर चुनाव हुए, तो देख जाएगा कि किसे अपनी भक्ति का कितना प्रसाद मिलेगा। कंगना, अक्षय के अलावा अनुपम खेर पार्टी से चुनाव का टिकट पाने की क्यू में होंगे और दिल्ली दरबार हेमा मालिनी, सनी देओल, किरण खेर की किस्मत का फैसला करेगा। अमिताभ बच्चन नौवें साल में भी दिल्ली की सत्ता को मौन-समर्थन करते रहे। बच्चन परिवार सुर्खियों में रहा। श्वेता बच्चन को प्रतीक्षा बंगले का मालिक बना दिया गया, तो ऐश्वर्या राय-अभिषेक के बीच बिगड़े रिश्तों का मामला तलाक तक पंहुचने की खबरों का तांता लग गया। बच्चन परिवार इस मसले पर भी चुप रहा है। इस चुप्पी को सही या गलत आप खुद तय करें। इसी बीच कैमरों की मौजूदगी में बच्चन पिता-पुत्र (अमिताभ-अभिषेक) का सलमान खान के गले लगना भी कम बड़ी ब्रेकिंग तो नहीं है। बच्चन परिवार से अलग ये साल देओल बंधुओं पर मेहरबान रहा। सनी देओल ने गदर मचाया, तो एनिमल में बाबी देओल छा गए। सनी देओल को एक बैंक ने कर्जा न लौटाने के लिए नोटिस दे दिया और फिर इसे अपनी गलती बताकर वापस ले लिया।
शादी-वादी
बालीवुड की शादियों की लिस्ट में परिणीती चोपड़ा-राघव चड्ढा से लेकर सिद्धार्थ मल्होत्रा-क्यारा आडवाणी की रिश्तेदारी बनी। रणदीप हुड्डा ने मणिपुर से अपनी दुल्हनिया खोजी। सुनील शेट्टी की बेटी अथिया की मैरिज इनिंग केएल राहुल के साथ शुरु हुई, तो आशीष विद्यार्थी ने इस उम्र में अपना नया जीवनसाथी तय किया। स्वरा भास्कर ने भी फरहाद के साथ अपनी शादी बेपरदा की, मगर सबसे ज्यादा चौंकाया अरबाज खान ने, जो मलाइका के साथ तलाक के बाद सालों तक विदेशी जार्जिया एंड्रियानी के साथ डेटिंग करते रहे और एक दिन मेकअप डिजाइनर शूरा के साथ उन्होंने निकाह पढ़ लिया। तमाम जोड़ियों को मुबारकबाद।
गुडबाय
इस साल जिन सितारों ने इस जमीं का साथ छोड़ दिया. उनमें कैलेंडर सतीश कौशिक से लेकर महाभारत के शकुनि मामा गुफी पेंटल, मल्टीस्टारर फिल्मों के चैंपियन डायरेक्टर राजकुमार कोहली, यशराज की धूम 1 और धूम 2 के निर्देशक संजय गड़वी, सत्तर के दशक के सबसे बड़े चाइल्ड स्टार जूनियर महमूद, परिणीता (विद्या बालन) वाले निर्देशक प्रदीप सरकार के अलावा चरित्र कलाकार नितेश पांडे, जावेद खान के नाम शामिल रहे। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति दे।
2024 के नए चेहरे

नए चेहरों को नई संभावनाएं माना जाता है। फिल्मों की दुनिया में बड़े परिवारों के नए चेहरों को नई उम्मीदों के तौर पर देखा जाता है। परिवारवाद के आरोपों की तमाम संभावनाओं के साथ नए साल में जिन चेहरों की एंट्री होने जा रही है, उनमें सैफ अली खान का बेटा इब्राहिम खान तैयार है। उसकी पहली फिल्म को बम्मई ईरानी का बेटा बनाने जा रहा है। रवीना टंडन की बेटी रशा टंडन की जोड़ी अजय देवगन के भतीजे अमान देवगन के साथ बनकर एंट्री करेगी। अभिषेक कपूर (गट्टू) इसके डायरेक्टर होंगे। संजय कपूर की बेटी शनाया कपूर की पहली फिल्म बेधड़क होगी, जिसका डायरेक्टर अभी तय नहीं है। संगीतकार राजेश रोशन की बेटी पश्मीना को इश्क विश्क की सिक्वल के लिए कास्ट किया गया है। डायरेक्टर का नाम यहां भी तय नहीं है। नए चेहरों वाली लिस्ट में बाबी देओल के बड़े बेटे आर्यमान का नाम भी है, लेकिन अभी उनके प्रोजेक्ट तय नहीं है। शाहरुख खान की बेटी सुहाना का फिल्मी सफर शुरु हो चुका है। देखना है कि आर्यन खान परदे पर कब तशरीफ लाएंगे। अमिताभ बच्चन की नातिन नव्या नवेली नंदा की पहली फिल्म का भी इंतजार है। अब इसी लिस्ट में काजोल और अजय देवगन की बेटी नायसा का नाम भी जुड़ता जा रहा है।
नए साल की नई फिल्में
वैसे तो हर साल हर फिल्म से कामयाबी की उम्मीदें करना लाजिमी होता है, लेकिन कुछ फिल्मों पर ज्यादा नजरें रहती हैं। 2024 की आने वाली फिल्मों की ऐसी लिस्ट में देखा जाए, तो जनवरी में आने वाली एक्शन पैक फिल्म फाइटर में ऋतिक रोशन की जोड़ी पहली बार दीपिका पादुकोण के साथ बनी है। इसी महीने रिलीज होने जा रही सस्पेंस थ्रिलर मैरी क्रिसमस में कैटरीना कैफ की जोड़ी साउथ के विजय सेतुपति के साथ होगी। सिंघम की नई कड़ी में इस बार दीपिका पादुकोण को कास्ट किया गया है। बड़े मियां छोटे मियां में अक्षय कुमार के साथ टाइगर श्राफ होंगे। यशराज को इस साल पठान बनाम टाइगर और धूम 4 में से एक प्रोजेक्ट शुरु करना है, लेकिन अभी मामला तय नहीं है। राकेश रोशन की कृष 4 का कोई अता-पता नहीं है। अगले साल के आखिर में वेलकम सीरिज की तीसरी कड़ी में सितारों की भरमार होगी।
जाने और आने वाले साल के घूमते आइने के आखिरी पड़ाव पर हैप्पी न्यू ईयर के सेलिब्रेशन में आप उन गानों पर थिरक सकते हैं, जिन पर इस साल दुनिया थिरकी। ये है हमारी अपनी टॉप 10
1. झूमे जो पठान... (पठान)
2. बेशर्म रंग--- (पठान)
3. तेरे वास्ते फलक से मैं... (जरा हटके जरा बचके)
4. चल तेरे इश्क में (गदर 2)
5. शो मी ठुमका (तू झूठी मैं मक्कार)
6. व्हाट झुमका (रॉकी-रानी की प्रेम कहानी)
7. लेके प्रभु का नाम.. (टाइगर 3)
8. ओ मैं तां छलिया... (जवान)
9. जमाल जमालु कुडू--- (एनिमल)
10. लुटपुट गया... (डंकी)
फुर्सत और मूड हो तो इनके जवाब कमेंट बाक्स में शेयर कीजिए-
साल की फेवरेट फिल्म ?
साल का फेवरेट हीरो?
साल का फेवरेट हीरोइन?
साल का फेवरेट डायरेक्टर?
साल का फेवरेट सांग ?
2023 के कुछ प्रमुख ब्लाग के लिंक भी देखिए-
मामला रश्मिका का नहीं, लड़कियों की इज्जत का है
4 comments:
Very nice
पूरे वर्ष का फिल्मी लेखा-जोखा काबिलेतारीफ है। वैसे भी शब्दों की जादूगरी में आप माहिर हैं। जानकारी पूरक लेख। बधाई
जगन्नाथ
Sab kuch bahut kuch and thoda kuch kuch..such a lovely detailed but crisp article..
पूरे साल का लेखा जोखा बहुत खूबसूरती से पेश किया आपने। धन्यवाद🙏
Post a Comment