Tuesday, September 5, 2023

शाहरुख खान और जवान : नया तीर, नया निशान




पठान का किला जीतने के बाद शाहरुख खान के लिए एक नया मैदान सजकर तैयार हो चुका है। एक बार फिर खान बादशाह को बाक्स आफिस का किला हासिल करने के लिए निशानेबाजी करनी है। उनके लिए एक नया तीर तैयार है और सामने एक नया निशान है। आने वाले शुक्रवार को किंग खान की निशानेबाजी का करतब सामने होगा और जवान का जश्न शुरु हो जाएगा। शाहरुख खान की नई फिल्म जवान रिलीज के लिए पूरी तरह से तैयार है। मार्केटिंग, प्रमोशन और क्रेजी फैंस ने उनकी बाकी फिल्मों की तरह इस फिल्म से जुड़ी उम्मीदों को आसमान पर पंहुचा दिया है। जैसे ही जवान का ये रुप सिनेमाई परदे पर आएगा, तो इससे जुड़ी उम्मीदों की असलियत बेपरदा होगी। फिल्म की एडवांस बुकिंग को लेकर अभी से दावे हो रहे हैं कि पठान के मुकाबले जवान कितनी आगे निकलेगी। 

शाहरुख खान जैसे सितारे का स्टारडम आंकड़ों की बाजीगरी का मोहताज नहीं होता, लेकिन लाजिमी तौर पर उनकी फिल्मों के आंकड़े उनकी कामयाबी के दायरे को बढ़ाने का काम करते हैं। यहां आकर पठान और जवान की बातों को साथ रखा जाए, तो कई दिलचस्प तथ्य सामने आते हैं। सबसे पहली बात तो यही है कि जिस तरह से किसी भी गेम के कामयाब खिलाड़ी से उम्मीद होती है कि वो अपने पिछले रिकार्ड को तोड़े। ऐसे ही उम्मीदें शाहरुख खान की फिल्मों से होती हैं। यही उम्मीद पठान से थी और ऐसी ही उम्मीदें अब जवान से हैं। 

इस साल जनवरी में रिलीज हुई पठान की सबसे बड़ी खासियत ये थी कि चार साल के गैप के बाद शाहरुख खान की फिल्म रिलीज हुई थी। 2018 की दीवाली पर रिलीज हुई जीरो के प्रमोशन और मार्केटिंग में भी कोई कसर नहीं छोड़ी गई थी।  उस वक्त भी फैंस का क्रेज आसमान पर था, लेकिन जीरो का नतीजा ऐसा नहीं रहा, जैसा सोचा जा रहा था। जीरो के नतीजे ने शाहरुख खान और उनकी टीम को बहुत कुछ सोचने पर मजबूर कर दिया था। बात सिर्फ ये नहीं थी कि जीरो बाक्स आफिस पर एसआरके का मैजिक चलाने में नाकाम हुई थी, बल्कि जीरो से पहले  शाहरुख खान की कई फिल्मों ने इसी तरह से मायूस किया था। चेन्नई एक्सप्रेस के बाद शाहरुख खान की कई फिल्में कोई कमाल नहीं कर पाई थीं। इनमें हैप्पी न्यू ईयर, दिलवाले और जब हैरी मैटस सेजल के नाम शामिल रहे। इसी लिस्ट में जब जीरो का नाम भी जुड़ गया, तो शाहरुख खान और उनकी टीम को एहसास हुआ कि कुछ तो गड़बड़ है। इस गड़बड़ को पकड़ने के लिए पहला अहम फैसला हुआ कि कुछ वक्त के लिए शाहरुख खान परदे से दूर रहकर अपने लिए नई फिल्मों का सिलेक्शन करेंगे और तमाम सोच-विचार के बाद शाहरुख खान की नई फिल्मों की लिस्ट में यशराज की पठान, साउथ के अटली की फिल्म जवान और राजकुमार हीरानी की नई फिल्म धुनकी के नाम आए। पठान रिलीज हो चुकी है। जवान रिलीज पर है। धुनकी क्रिसमस पर आएगी। ये भी कम दिलचस्प नहीं है कि चार साल के गैप के बाद लौटे शाहरुख खान की एक ही साल में तीन फिल्में रिलीज होंगी। 


जवान जब रिलीज होने जा रही है, तो एक सहज सवाल हो जाता है कि शाहरुख खान की मौजूदगी के अलावा इस फिल्म में ऐसा क्या है, जिनको इसकाू एक्स फैक्टर माना जा सके। अब तक जो कुछ बातें सामने आई हैं, उनके मुताबिक, शाहरुख खान बाप-बेटे के डबल रोल में हैं। टकले अवतार में शाहरुख खान खुद ही विलेन माने जा रहे हैं। उनकी हीरोइन के तौर पर साउथ की बड़ी हीरोइन नयनतारा पहली बार हिंदी फिल्मों के परदे पर आ रही हैं। गेस्ट एपीरिंएस में दीपिका पादुकोण हैं। संजय दत्त से लेकर रजनीकांत और थलपति विजय के भी गेस्ट एपीरिएंस की बातें चर्चा में है। 


इन बातों में से कौन सी बातें जवान की सफलता में योगदान करेंगी, ये तो शुक्रवार को पता चलेगा। ये कहने की बात नहीं है कि सफलता का सारा दारोमदार खुद शाहरुख खान पर है। फिल्म का लुक, ग्रेंजर, धमाकेदार एक्शन और शाहरुख के कुछ अनदेखे लुक्स, जिनमें पुलिसवाला गेटअप और टकलू गेटअप खास है। मेट्रो रेल के डिब्बे में पुराने गीत (बेकरार करके हमें यूं न जाइए...) पर उनका स्टाइल भी तालियां बजाने वाला है। बेटे को पकड़ने से पहले बाप से बात करने वाला डायलाग भी धांसू मान लिया गया है। 

ये हैरानी की बात नहीं है कि जवान को लेकर शाहरुख के फैंस ने एक तरह से फेस्टिवल का माहौल बना डाला है। मणिरत्नम की दिल से के बाद शाहरुख खान साउथ के किसी निर्देशक के साथ आ रहे हैं, जिसका साउथ में अपना दबदबा है। इतना होने के बाद भी क्या कुछ ऐसी बातों पर गौर करना ठीक नहीं होगा, जिनको इस फिल्म के लिए बाधा जैसा माना जा सकता है। इन बातों में पहला नाम जवान के निर्देशक अटली का है, जो पहली बार हिंदी बेल्ट में आ रहे हैं। साउथ में झंडे गाड़ने वाले अटली के बारे में कहना मुश्किल है कि हिंदी बेल्ट के दर्शकों के सेंटीमेंटस को लेकर उनकी समझ कैसी है। उनकी हीरोइन नयनतारा भी पहली बार हिंदी में आ रही हैं। हां, मेहमान रोल में दीपिका पादुकोण दमदार लग रही हैं और उनकी मौजूदगी पठान के मैजिक को दोहरा सकती है। 


ये सारी बातें बंद मुट्ठी की तरह हैं। फिल्म का एक अहम फैक्टर इसका म्यूजिक है। यहां पठान का जिक्र करना होगा, क्योंकि पठान का एक बड़ा फैक्टर ये था कि उसका म्यूजिक रिलीज से पहले ही सुपर हिट हो चुका था, जिसने फिल्म की हाइप क्रिएट करने में बड़ा योगदान दिया था। जवान का म्यूजिक अनिरुद्ध ने दिया है, जो अटली की तरह साउथ में कमाल है, लेकिन हिंदी बेल्ट में न्यूकमर हैं। म्यूजिक के मामले में जवान को  हिट कहा जा सकता है, लेकिन सुपर हिट नहीं। फिल्म का एक भी गीत आम दर्शकों की जुबां पर नहीं आया है। दुआ की जा सकती है कि म्यूजिक का मामला जवान की कामयाबी में किसी तरह की बाधा नहीं बने। 

कुल मिलाकर शाहरुख के लिए दुआएं रखने वालों में से एक तबका जवान को लेकर तीन बातों पर ज्यादा जोर देता है। पिछली रिलीज पठान की सफलता को दोहराने और उससे आगे निकलने का प्रेशर, नया डायरेक्टर, जिसे हिंदी बेल्ट का कोई अंदाज नहीं। नई हीरोइन और ठंडा-ठंडा म्यूजिक। कोई दावा नहीं कर सकता कि इन बातों का जवान के बाक्स आफिस रिलीज पर क्या असर होगा। फैक्ट ये भी है कि सफल फिल्म की कमजोरियों पर कोई ध्यान नहीं देता और फ्लाप फिल्म में किसी को कोई खूबी नजर नहीं आती। 


शाहरुख खान जिस पोजीशन पर है, वहां एक तरफा उनको बाक्स आफिस के आंकड़ों की बाजीगरी से बहुत आगे माना जाता है, तो दूसरी तरफा ये उम्मीद भी की जाती है कि उनकी नई रिलीज बाक्स आफिस पर उनकी पिछली फिल्म के आंकड़ों को पीछे छोड़ते हुए नए रिकार्ड बनाए। आंकड़ों से अलग देखा जाए, तो शाहरुख खान के स्टारडम का सबसे पावरफुल पहलू ये है कि वो फिल्मों के बिजनेस की हर बारीकी को समझने के साथ ही अपने बाजार और अपने दर्शकों की संवेदनाओं की कसौटी पर खरा उतरें और ऐसा करने में वे अपनी उस्तादगिरी कई बार पहले भी कर चुके हैं, तो इस बार क्यों नहीं करेंगे। 

ऐसे में, जबकि जवान की रिलीज में चंद दिन ही बाकी बचे हैं, तमाम किंतु-परंतु से परे उम्मीद और दुआ करनी चाहिए कि पठान और गदर 2 के बाद हिंदी फिल्म इंडस्ट्री को एक और बड़ी सफलता मिले। जहां तक रही बात शाहरुख खान की, तो जवान उनके लिए न शुरुआत है और न ही कोई अंत है। जवान एक पड़ाव है, जहां से अगला सफर राजू हीरानी की नई फिल्म के साथ आगे बढ़ेगा। आल द बेस्ट शाहरुख एंड जवान ! 



 


2 comments:

Anonymous said...

Shandaar

Anonymous said...

Nice analysis 👍

कंगना मतलब...

हिमाचल प्रदेश की मंडी सीट से लोकसभा का चुनाव लड़ रही स्वंयभू महाज्ञानी कंगना के ताजा बयान पर अमिताभ बच्चन को ये तय करना है कि वे इस पर अपना ...