Saturday, August 5, 2017

यहां से कहां जाएगा बादशाह का सफर...?

मामला बहुत ज्यादा पुराना नहीं हुआ है। एक फिल्म एवार्ड समारोह को शाहरुख खान होस्ट कर रहे थे। मंच पर एक फिल्मी लेखक (कलाकार संजय मिश्रा) जिद्द करते हैं कि शाहरुख वहीं उनकी कहानी सुन लें। शाहरुख मान जाते हैं। लेखक महोदय कहानी सुनाना शुरु करते हैं कि एक लड़के और लड़की को जवानी में प्यार हो जाता है, लेकिन वे बिछड़ जाते हैं। बरसों बाद उनका फिर मिलना होता है और उनके बीच फिर से प्यार हो जाता है। शाहरुख इसे बकवास कहानी कहकर खारिज कर देते हैं, तो लेखक उनको याद दिलाता है कि ये उनकी फिल्म दिलवाले की वन लाइन स्टोरी है। शाहरुख खान झेंपकर रह जाते हैं और समारोह के मेहमानों की हंसी गूंज जाती है। मामला एक कामेडी एक्ट का था, इसलिए बात वहीं खत्म हो गई। 

दिलवाले को लेकर इस कटाक्ष को भले ही उस वक्त एक मजाक ही मान लिया गया था, लेकिन इसकी याद एक बार फिर आई, जब शुक्रवार की सुबह प्रेसवालों के लिए उनकी नई फिल्म जब हैरी मीट सेजल का शो हुआ, तो शाहरुख वहां पंहुचे। स्टाइल तो वही था। माथे तक झूलते बाल और आंखों पर काला चश्मा और आसपास सिक्योरिटी गार्ड्स का घेरा। इस घेरे से बाहर आकर वे फिल्म का शो शुरु होने से पहले मीडिया के अपने दोस्तों से भी मिले, लेकिन दिलवाले का किस्सा इसलिए याद आ गया कि जब हैरी... का शो शुरु होने से पहले ही शाहरुख खान के कंधे और आंखें जिस अंदाज में झुके झुके से नजर आए, वो खामोशी से बहुत कुछ बयां कर रहा था। अपनी फिल्म की रिलीज वाले दिन शाहरुख खान की नजरें झुकी हुई नजर आना कोई ब्रेकिंग न्यूज न हो, लेकिन लंबे वक्त से उनसे जुड़े रहने वालों के लिए बात बड़ी थी। 
थोड़ा और पीछे चलते हैं। चेन्नई एक्सप्रेस रिलीज होने वाली थी। शाहरुख खान ने अपने दोस्त पत्रकारों को मन्नत में बुलाया। माहौल अलग था। वे गर्मजोशी के साथ पत्रकार दोस्तों के साथ मिल रहे थे। मस्ती-मजाक के उस माहौल में महसूस हो रहा था कि शाहरुख अपनी फिल्म को लेकर आश्वस्त हैं। आंखों में चमक भी किसी से छुपी नहीं थी। 
चेन्नई एक्सप्रेस से जब हैरी... के सफर की यादें थम गईं। जब हैरी.. के प्रेस शो का इंटरवल हुआ और शाहरुख बिना कुछ कहे-सुने अपनी कार में बैठकर चले गए। अलबत्ता उनकी इस फिल्म के निर्देशक इम्तियाज अली एक कोने में जमीं पर बैठे भांप चुके थे कि फिल्म पसंद नहीं आ रही है। इम्तियाज का सपाट चेहरा देखते हुए फिल्मी पत्रकार इंटरवल के बाद की फिल्म देखने वापस हाल में जा बैठे। फिल्म खत्म हुई, तो इम्तियाज भी जा चुके थे। बात उनको समझ में आ चुकी थी कि फिल्म का खेल बिगड़ चुका है। बेचारे इम्तियाज, अपनी पहली धमाकेदार कामयाब फिल्म रही जब वी मीट... की यादों को सेजल-हैरी मीट.. से जोड़कर परेशान ही हो रहे होंगे। 

जब हैरी... रिलीज हो गई है। मीडिया में इस फिल्म का पोस्टमार्टम हो चुका है। इसे दोहराने की कोई वजह नहीं है। यहां कुछ और अहम बातों को लेकर इस सवाल पर चर्चा हो सकती है कि चेन्नई एक्सप्रेस और जब हैरी... के बीच के सफर में शाहरुख खान कहां खड़े नजर आते हैं। 
वे हिंदी सिनेमा के बादशाह हैं और बेताज बादशाह भी नहीं हैं। चेन्नई एक्सप्रेस और जब सेजल... के बीच का सफर चंद ऐसे सवालों को जरुर सामने लाता है, जिनको अगर शुक्रवार को जब सेजल... के रिलीज वाले दिन उनके चेहरे के हावभाव को याद किया जाए, तो जवाब पाने की मशक्कत दिलचस्प जरुर हो जाती है। पहले सवालों पर गौर करते हैं-

शाहरुख खान क्या अब थक गए हैं?
शाहरुख खान पर क्या उम्र का असर होता जा रहा है?
शाहरुख खान क्या रोमांटिक इमेज के चक्र में फंस चुके हैं
शाहरुख की बादशाहत को वाकई खतरा हो चुका है
या फिर...
हिट-फ्लाप से परे ये बादशाह क्या अब भी धमाकेदार वापसी की कुव्वत रखता है? 

ये सवाल कहीं से भी टेढ़े-मेढ़े नहीं हैं। न इनके जवाब तलाशने के लिए किसी राकेट साइंस की जरुरत है। सिलसिलेवार सवालों को देखें, तो जवाब पाने की सूरत भी निकल आती है। 

थकान का बढ़ती-ढलती उम्र से वास्ता होता है, ये कुदरत बताती है। अपने शरीर को तंदरुस्त रखने के सारे रास्ते शाहरुख जानते हैं। उनकी चुस्ती-फुर्ती और कहा जाए, तो चार्म पर बहुत ज्यादा असर तो नहीं माना जा सकता। तो क्या माना जाए कि चेन्नई एक्सप्रेस के बाद की उनकी फिल्मों की बाक्स आफिस पर कमजोर हुई हालत ने उनको इतना परेशान कर दिया? ये मुमकिन है। वे कमर्शियल सिनेमा के बादशाह हैं और कमर्शियल फिल्मों के गुणा भाग को बेहतर समझते हैं। फिल्म के कलेक्शन अच्छे न आएं, तो शाहरुख क्या कोई भी कलाकार मायूस ही होगा। मीडिया के कैमरों के सामने मुस्कान के साथ ये कहना अलहदा बात होती है कि मुझको पैसों की फिक्र नहीं, लेकिन कैमरों के पीछे एक कमर्शियल स्टार और प्रोड्यूसर अपनी फिल्म की अच्छी कमाई न होने से मायूस होता है, इस पर बहस की गुंजाइश नहीं बचती। शाहरुख जिस दर्जे के सितारे हैं, जब उनसे उम्मीदें बड़ी होती हैं, तो जाहिर है कि न चलने का अफसोस भी ज्यादा ही होगा। रोमांटिक इमेज वाला सवाल सबसे दिलचस्प हो जाता है। 

शाहरुख खान की बादशाहत का सबसे बड़ा तिस्लिम उनकी रुमानी छवि को ही माना जाता रहा है। हाथों को खोलकर उनका रोमांटिक पोज बनाने का स्टाइल भला किस कन्या के दिल को नहीं धड़काता होगा। इसी इमेज ने राहुल से लेकर राज और तमाम किरदारों को कन्याओं के सपनों के साथ जोड़ा और उनकी कामयाबी का बिछावन तैयार किया। 

हिंदुस्तानी सिनेमा का इतिहास गवाह है, जब अपनी इमेज की परछाई में कैद सितारों ने खुद को दोहराने की कोशिशों को बंद नहीं किया, तो उनके रास्ते मुश्किलों से जुड़ते चले गए। साफ शब्दो में कहा जाए, तो 50 पार कर चुके शाहरुख का रुमानी अंदाज आज भी कन्याओंं के दिलों को भाएगा, अगर इस अंदाज को वे ठीकठाक सी कहानी के साथ लाएं। डियर जिंदगी इसकी बेहतरीन मिसाल है, जिसमें वे उतने ही अच्छे लगे, जितने हैं, क्योंकि वहां एक कहानी थी, जिसके किरदार के साथ लोग जुड़ते चले जाते हैं। हैप्पी न्यू ईयर हो या दिलवाले हो या अब हैरी हो.... मामला वहां फंसता है, जब इस रुमानी अंदाज को न्यायसंगत बनाने के लिए कहानियों का टोटा नजर आए। यहां किसी का भी हैरान होना लाजिमी है कि आखिर शाहरुख कमजोर कहानियों पर अपनी इस इमेज का खिलवाड़ क्यों होने दे रहे हैं? इसे कमर्शियल सिनेमा की जरुरत कहा जाए या बादशाह की अपनी कमजोरी? इन दो सवालों को समझने पर असली बात सामने आ जाती है।

सालों का तजुर्बा और शोहरत की बुलंदी शाहरुख खान के जिस सफर को और बेहतर कर सकती थी, अगर वही कमजोरी बनती जाए, तो इसके लिए उनके सुपर स्टारडम से खिलवाड़ करने वाले निर्देशकों से ज्यादा खुद शाहरुख ही जिम्मेदार माने जाएंगे, क्योंकि ये बादशाहत उन निर्देशकों की नहीं, शाहरुख खान की है। इस बादशाहत को सलामत रखने की जिम्मेदारी किसी भी डायरेक्टर से ज्यादा खुद शाहरुख की है। 

कहते हैं कि कामयाबी कैसी भी हो, इसमें नशा जरुर होता है और कुदरत कहती है कि नशा जब उतरता है, तो वही दुनियाा सामने आ जाती है। शाहरुख को सुपर स्टार कहें या बादशाह कहें या किंग खान कहें या कुछ और नाम दें। ये मसला नहीं है। मसला उन तमाम चाहने वालों के जज्बात का हो जाता है, जिन्होंने दिल्ली के एक पठान बच्चे को सिनेमा का दुनिया का सबसे बड़ा मकाम दिया। ये जज्बात कभी दिलवाले देखकर मायूसी में बदलते हैं, तो कभी सेजल-हैरी का (कमजोर) किस्सा देखकर मातमी हो जाते हैं। 

वे करिश्माई हैं। दर्शकों के दिलों पर राज करने के हुनर के माहिर हैं। अगर किसी कन्या का प्यार पाने के लिए कभी राज, तो कभी राहुल बनकर जब वे कोशिश करते हैं, तो कामयाबी के रास्ते खुल जाते हैं। मामला यहां भी प्यार का है, लेेकिन किसी एक कन्या के प्यार का नहीं। करोड़ों के प्यार को फिर से पाने के लिए शाहरुख खान को बस इतना सा ही तो करना है कि फिर से एक अच्छी कहानी लाएं, फिर से एक अच्छी फिल्म बनाएं और फिर से अपनी रुमानी छवि के साथ मजबूत किरदार को परदे पर लाएं, तो क्या नहीं हो सकता। 
शाहरुख खान जिस मकाम पर हैं, वहां उनके लिए अभी बहुत कुछ बाकी है। जनता के दरवाजे अभी भी बंद नहीं हुए हैं। हमारी जज्बाती जनता तो थोड़े से प्यार से ही बलिहारी होने लगती है। शाहरुख खान और इस जनता के बीच सिर्फ एक रास्ता ही रहता है। 

इस रास्ते के एक छोर पर सुपर स्टारडम है, तो दूसरे छोर पर जनता के जज्बात और बीच में हैं खुद शाहरुख खान। रास्ता शाहरुख खान को चुनना है। कमर्शियल सिनेमा के दायरे में अभी भी वे ऐसी कहानियां ला सकते हैं, जो उनको इन दोनों छोरों से मिला सकती हैं। 
इस बादशाह की बादशाहत को किसी और से नहीं, खुद से चुनौती है। जनता का संदेश साफ है- फिर से एक नई शुरुआत कीजिए और मायूसी के अंधेरे को छितरनेे में वक्त नहीं लगेगा। इंतजार रहेगा कि जल्दी ही खिलखिलाता, मुस्कराता हुआ बादशाह अपनी फिल्म के प्रेस शो में अपने दोस्तों के साथ मस्ती भरे अंदाज में पेश आए, तो चेन्नई एक्सप्रेस का ठहरा सफर आगे बढ़ेगा और बढ़ता चला जाएगा। 


  


कंगना मतलब...

हिमाचल प्रदेश की मंडी सीट से लोकसभा का चुनाव लड़ रही स्वंयभू महाज्ञानी कंगना के ताजा बयान पर अमिताभ बच्चन को ये तय करना है कि वे इस पर अपना ...